गणतंत्र दिवस पर लंदन में बाबा साहेब के ऐतिहासिक आवास पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, किया नमन


गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण का साक्षी बना, जब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन लंदन स्थित भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के ऐतिहासिक आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर को अपने जीवन का अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और परम सौभाग्य का क्षण बताया। उन्होंने बाबा साहेब को नमन करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का दूरदर्शी नेतृत्व और विचारधारा भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब के समानता, सामाजिक न्याय और समावेशी समाज के विचार आज भी देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल अधिकारों का संविधान ही नहीं दिया, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बाबा साहेब के विचार और आदर्श आज भी देश को सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक सिद्धांत हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर जी के ऐतिहासिक आवास पर रखी गई गेस्ट बुक में अपने भाव और विचार भी अंकित किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *