पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक, झारखंड ने उपस्थित पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, सहकर्मियों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों तथा आमजन को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं। उन्होंने ईश्वर से सभी के स्वस्थ, सुखी, दीर्घायु एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
वर्ष 2025 में झारखंड पुलिस की प्रमुख उपलब्धियां
नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई
वर्ष 2025 में झारखंड पुलिस ने नक्सलवाद के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए कुल 326 नक्सलियों को गिरफ्तार किया। वहीं 38 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि 32 नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।
संगठित आपराधिक गिरोह पर प्रहार
एटीएस द्वारा वर्ष 2025 में कुल 30 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई, जिनमें प्रतिबंधित संगठन HuT (हिज्ब-उत-तहरीर) के 05 सक्रिय सदस्य शामिल हैं।
अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध अभियान
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में वर्ष 2025 के दौरान 706 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 883 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा लगभग 58.77 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए।
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण
साइबर अपराध से संबंधित वर्ष 2025 में कुल 1413 मामले दर्ज हुए, जिनमें 1268 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। इस दौरान 90.88 लाख रुपये नकद एवं कई अवैध वस्तुएं जब्त की गईं।
इसके अतिरिक्त लगभग 38.67 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की गई तथा 1.48 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई।
प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 140 मामलों में कार्रवाई करते हुए 642 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 1008 मोबाइल फोन व 1332 सिम कार्ड जब्त किए गए।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम
आम जनता से बेहतर समन्वय एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्यभर में ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ आयोजित किए गए, जिससे जनसमस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हुई।
अपने उद्बोधन के अंत में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के त्याग को स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने संविधान के मूल्यों के प्रति समर्पित रहते हुए झारखंड को अपराध एवं नक्सल मुक्त राज्य बनाने में सभी से सहयोग का आह्वान किया।


