दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे के उपरांत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पहुंचे रांची


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के सफल दौरे के बाद रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची परिसर में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल सहित आमजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहली बार दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ। यह राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस वैश्विक सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति एवं गणमान्य व्यक्तियों की व्यापक सहभागिता रही।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के अनुभव से राज्य के विकास को मिलेगी नई गति
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक मंच के माध्यम से झारखंड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात मजबूती से रखी है। राज्य सरकार की ओर से दावोस और लंदन में झारखंड की संभावनाओं, संसाधनों और विकास दृष्टि को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार झारखंड ने इतने बड़े वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। इस सम्मेलन से प्राप्त अनुभवों का उपयोग राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाएगा। जल, जंगल, जमीन और यहां की अपार संभावनाओं को नई दिशा देने के लिए सरकार ठोस पहल करेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से शिक्षा, निवेश और कौशल विकास के क्षेत्रों में सकारात्मक और दूरगामी प्रयास किए जाएंगे। झारखंड में असीम संभावनाएं हैं और इन सभी संभावनाओं को मूर्त रूप देकर राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *