झारखंड में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ वन क्षेत्र से सामने आया है। गुरुवार सुबह बड़कीपुन्नू गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर तीन बुजुर्गों को कुचलकर मार डाला, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों में लगे थे, तभी अचानक हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और हाथियों ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
ग्रामीणों में घटना के बाद भारी दहशत है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों के स्थायी समाधान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

