मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, उपायुक्त और एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायज़ा 

आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियों के क्रम में शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची  राकेश रंजन की देखरेख में संपन्न हुआ।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले सभी कार्यक्रमों को रियल टाइम आधार पर दोहराया गया, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके। उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली और परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिहर्सल के उपरांत समारोह में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अपर जिला दंडाधिकारी द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जारी संयुक्त आदेश की विस्तृत जानकारी सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को दी गई।

संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी  मंजूनाथ भजंत्री ने सभी पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, झांकियों के समयबद्ध प्रदर्शन तथा सुदृढ़ मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक  राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पूर्व सघन फ्रीस्किंग और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर बल दिया।

उप विकास आयुक्त रांची  सौरभ कुमार भुवनिया ने झांकियों के अनुशासित एवं सुचारू प्रदर्शन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में भारतीय सेना, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, झारखंड जगुआर, जेएपी, डीएपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ पुलिस, होमगार्ड एवं एनसीसी सहित कुल 15 प्लाटून भाग लेंगे। वहीं समारोह में आर्मी, जेएपी-1, होमगार्ड और जेएपी-10 (महिला) की बैण्ड पार्टियां भी शामिल होंगी।

गणतंत्र दिवस परेड का समादेशन कैप्टन मोहित कुमार सुमन, भारतीय सेना, रांची द्वारा किया जाएगा, जबकि द्वितीय समादेशक की भूमिका सुशांत कुमार निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *