राहुल गांधी से मिले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, जामताड़ा दौरे पर लगी मुहर


नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की आज नई दिल्ली में सौजन्यपूर्ण एवं आत्मीय मुलाकात हुई। इस अवसर पर डॉ. अंसारी ने उन्हें झारखंड के जामताड़ा आगमन का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे राहुल गांधी ने सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र जामताड़ा आने और एक ऐतिहासिक जनसभा एवं सम्मेलन में शामिल होने की सहमति दी।
मुलाकात के दौरान झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, खाद्य सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
राहुल गांधी ने झारखंड सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, ग्रामीण और वंचित वर्ग तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुँचना चाहिए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी गई। उन्होंने स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने, मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक कुशल डॉक्टर तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. इरफान अंसारी ने अवगत कराया कि झारखंड में पहले से ही 15 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा लागू है और राज्य में बड़े पैमाने पर मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है। साथ ही इंश्योरेंस आधारित स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से आम जनता को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने पीडीएस प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। इस दौरान यह जानकारी दी गई कि राज्य में 4G e-POS मशीनों के माध्यम से राशन वितरण प्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है।
बैठक के अंत में राहुल गांधी ने संगठनात्मक मजबूती, जनता से संवाद और तथ्यों के साथ मुद्दों को मजबूती से रखने पर बल देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
यह मुलाकात स्वस्थ झारखंड, सुरक्षित झारखंड और खाद्य सुरक्षा से सशक्त झारखंड के संकल्प के साथ राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *