लंदन में आयोजित हुआ ‘झारखण्ड @25’ कार्यक्रम, प्रवासी युवाओं और शिक्षाविदों की रही सक्रिय भागीदारी


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लंदन में “झारखण्ड @25” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखण्ड की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक सहभागिता को समर्पित रहा। इस आयोजन में यूनाइटेड किंगडम के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत मरांग गोमके ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना के छात्र, चेवेनिंग–मरांग गोमके स्कॉलर्स, यूके में कार्यरत झारखण्डी युवा, शिक्षाविद, शोधकर्ता, उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े झारखण्डवासी सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
भारत में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी राज्य सरकार द्वारा विदेश में अपने छात्रों, प्रवासियों, उद्यमियों और शिक्षाविदों को एक साझा मंच पर जोड़ने हेतु इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
“हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे” – मुख्यमंत्री
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि “झारखण्ड @25” कार्यक्रम केवल बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि अनंत संभावनाओं की ओर अग्रसर झारखण्ड की कहानी को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड का विकास मॉडल प्रकृति के साथ संतुलन, सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति पर आधारित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड की यह यात्रा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एवं बाबा दिशोम गुरुजी के दूरदर्शी विचारों से प्रेरित है। उनके द्वारा प्रतिपादित गरिमा, आत्मसम्मान और न्याय के आदर्श आज भी राज्य के विकास पथ को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखण्ड अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए सभी को साथ लेकर सतत और समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।
झारखण्ड की परम्परा और संस्कृति की दिखी झलक
कार्यक्रम के दौरान मरांग गोमके स्कॉलर्स एवं यूके में रह रहे झारखण्डवासियों द्वारा झारखण्ड की परंपरा और संस्कृति की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई। सादरी गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा कार्यक्रम स्थल झारखण्ड की लोकसंस्कृति से सराबोर रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए उच्च शिक्षा एवं वैश्विक अवसरों के लिए झारखण्ड सरकार के प्रयासों की सराहना की और मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *