झारखंड सरकार और नवीन जिंदल समूह के बीच इस्पात, स्वच्छ ऊर्जा और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को लेकर लंदन में एक अहम बैठक हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नवीन जिंदल समूह के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर झारखंड में संभावित निवेश और साझेदारी पर विस्तार से चर्चा की।
यह बैठक 2 जनवरी 2026 को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नवीन जिंदल के बीच हुई बातचीत का विस्तार थी, जिसमें दोनों पक्षों ने सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी।
बैठक के दौरान इस्पात उद्योग, स्वच्छ ऊर्जा, बिजली ढांचे के विकास, कौशल प्रशिक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। नवीन जिंदल समूह ने झारखंड में इस्पात उद्योग, हरित ऊर्जा और बिजली संरचना के क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई। यह पहल भारत के कम-कार्बन अर्थव्यवस्था की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के अनुरूप बताई गई।
इसके अलावा बैठक में मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत झारखंड के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति सहायता, प्रशिक्षण कार्यक्रम और क्षमता निर्माण से जुड़ी योजनाओं पर विचार किया गया। युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
झारखंड सरकार और नवीन जिंदल समूह के बीच यह सहयोग राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

