लंदन शॉपिंग सेशन के लिए गणतंत्र दिवस भी छोड़ने को तैयार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन : बाबूलाल मरांडी


रांची।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री झारखंड की बदहाल स्थिति से आंखें मूंदे विदेश दौरों और फोटो सेशन में व्यस्त हैं।
मरांडी ने कहा कि “एक बैठक का एंट्री कार्ड मिलने पर फूले नहीं समाने वाले मुख्यमंत्री को कभी झारखंड की दुर्दशा पर भी शर्म करनी चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की नाकामी और निकम्मेपन की कीमत राज्य की जनता रोज़ चुका रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य को हर दिन नए ज़ख्म मिल रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को सिर्फ़ व्हाइट बैज, महंगे कोट-मफलर और विदेशी फोटो सेशन की चिंता है। मरांडी ने तंज कसते हुए कहा कि खबर है कि अब “लंदन शॉपिंग सेशन” के लिए यात्रा बढ़ाई जा रही है और इस बार गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व से भी दूरी बनाने की तैयारी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमशेदपुर से अपहृत व्यवसायी का अब तक कोई सुराग नहीं है। सोमा मुंडा के हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। युवा नौकरी और रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि बालू, पत्थर और कोयला जैसे खनिजों की खुलेआम लूट मची हुई है।
उन्होंने कहा कि पहले शराब घोटाला सामने आया और अब घोटाले की जांच में ही घोटाले के आरोप लग रहे हैं। आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है।
बाबूलाल मरांडी ने बोकारो की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दिन एक स्कूल परिसर में आगजनी से तीन स्कूल बसें धू-धू कर जल गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आत्मचिंतन की अपील करते हुए कहा कि अब यह तय करना होगा कि प्राथमिकता झारखंड की ध्वस्त कानून व्यवस्था की नैतिक जिम्मेदारी लेना है या आत्ममुग्धता में डूबे रहना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *