डोडा सड़क हादसे में शहीद झारखंड के दो वीर जवानों को वित्त मंत्री ने दी अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि


जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए झारखंड के दो वीर जवानों—तिरिल निवासी स्व. अजय लकड़ा एवं पुरुलिया निवासी स्व. प्रद्युम्न लोहार—के पार्थिव शरीर के रांची आगमन पर राज्य के वित्त मंत्री ने बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची में उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में शहीद परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
हवाई अड्डे पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सेना के अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद जवानों को अंतिम सम्मान दिया। वातावरण शोकाकुल था और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से वीर सपूतों को विदाई दी।
राज्य सरकार की ओर से शहीद परिवारों को सभी निर्धारित सम्मान, सहायता एवं सुविधाएं प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया गया। शहीदों का बलिदान राज्य और देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *