गणतंत्र दिवस पर जामताड़ा में ऐतिहासिक आयोजन, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दिखाया सेवा, समर्पण और विकास का संकल्प


77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जामताड़ा जिला राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जनसेवा का जीवंत केंद्र बन गया। झारखंड के माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा पहुंचते ही कार्यक्रमों की एक प्रेरणादायक श्रृंखला की शुरुआत की और पूरे दिन विभिन्न आयोजनों में भाग लेकर जनसेवा, विकास और संवेदनशील नेतृत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जामताड़ा आवास से हुई, जहां से मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इंदिरा चौक पहुंचे और विधिवत झंडोत्तोलन कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने टावर चौक स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद सुभाष चौक पहुंचकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात एसबीआई मुख्य शाखा परिसर में महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा एवं सिद्धू-कान्हू मुर्मू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर देश के महान विभूतियों को नमन किया।
मंत्री जी इसके उपरांत गांधी मैदान पहुंचे, जहां शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया। गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए देश, राज्य एवं जामताड़ा वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, जनकल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के साथ भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दिनभर के कार्यक्रमों की कड़ी में मंत्री जी जूली मेडिकल, सुभाष चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय, महिला कॉलेज तथा मुस्कान अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने झंडोत्तोलन किया। महिला कॉलेज में छात्राओं और बच्चों के बीच उनका विशेष आत्मीय संवाद देखने को मिला। बच्चों में मंत्री जी के प्रति खास उत्साह दिखा और उन्होंने इस पल को सेल्फी के माध्यम से यादगार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *