संपूर्ण भारत में आज 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस पावन अवसर पर रांची स्थित आर्चबिशप हाउस में भी राष्ट्रीय पर्व पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने आर्चबिशप हाउस परिसर में तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत को विश्व का सबसे बड़ा संविधान प्राप्त हुआ, जो प्रत्येक भारतीय के अधिकारों, कर्तव्यों और जीवन की सुरक्षा की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रति सभी नागरिकों को सजग और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने देश में बढ़ते अन्याय और अशांति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से एकजुट होकर न्याय, शांति और देश के समग्र विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर फादर सुशील बेक, फादर अंजलूस एक्का, फादर मुकुल कुल्लू, फादर वाल्टर पिलन किस्पोट्टा, फादर असीम मिंज सहित आर्चबिशप हाउस में कार्यरत सभी सहकर्मी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के इस आयोजन ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव के प्रति सभी की आस्था को और मजबूत किया।



