जाति, आय, आवासीय, जन्म प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, मुआवजा, पेंशन सहित विभिन्न मामलों का समाधान
रांची जिला के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न अंचलों में जाति, आय, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता, जन्म प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-II सुधार, मुआवजा, पेंशन एवं अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
अंचलवार निष्पादन का विवरण :
मांडर अंचल में आयोजित जनता दरबार में आवेदिकाओं सोभा तिर्की (ग्राम–सकरपदा), शाहरोन तिग्गा (ग्राम–ब्राम्बे) एवं पूजा कुमारी (ग्राम–चुन्द) को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। वहीं सरिता कुमारी (ग्राम–चन्हो) तथा वसीम अकरम (ग्राम–जिंगी, कुरु) को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त जेवियर तिग्गा (ग्राम–ब्राम्बे) के भूमि अभिलेख में रकबा सुधार से संबंधित आवेदन का निष्पादन किया गया।
नगड़ी अंचल में अजय यादव एवं निशा कुमारी के दाखिल-खारिज वाद की स्वीकृति प्रदान करते हुए नामांतरण शुद्धि पत्र निर्गत किया गया। इसके अलावा नगड़ी अंचल में कुल 120 आवेदनों का निष्पादन किया गया।
राहे अंचल कार्यालय में आय, आवासीय, जाति प्रमाण पत्र, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, लगान रसीद एवं ऑनलाइन पंजी सुधार से संबंधित कुल 90 मामलों का निष्पादन किया गया।
सिल्ली अंचल में बज्रपात आपदा से प्रभावित अकलु महतो (ग्राम–हलमद) को ₹4,00,000/- (चार लाख रुपये) की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई। साथ ही कुल 69 आवेदनों का निष्पादन किया गया।
सोनाहातु अंचल में प्रवीण महली को जाति प्रमाण पत्र, पूनम देवी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तथा अखिलेश कुमार शर्मा को चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत किया गया।
खलारी अंचल में जाति, आय, आवासीय एवं पारिवारिक प्रमाण पत्र से संबंधित कुल 19 आवेदनों का निष्पादन किया गया।
अरगोड़ा अंचल में जनता दरबार के दौरान कुल 73 आवेदनों का निष्पादन किया गया, जबकि 87 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आय, जाति, स्थानीय प्रमाण पत्र, पंजी-II सुधार, पेंशन एवं नकल से संबंधित मामले शामिल रहे।
चान्हो अंचल में आय, आवासीय, जाति एवं तत्काल आवेदन सहित कुल 146 आवेदनों का निष्पादन किया गया।
बुढ़मू अंचल में सड़क दुर्घटना, जल दुर्घटना, आय, जाति, आवासीय एवं पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र से संबंधित कुल 53 आवेदनों का निष्पादन किया गया।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि “जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।”



