NEET परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र ने दी जान, लखीमपुर खीरी की घटना से मचा हड़कंप

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया

यूपी के लखीमपुर खीरी से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। NEET (UG) 2026 की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ऋतिक मिश्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ऋतिक ईसानगर थाना क्षेत्र के हसनपुर कटौली गांव का रहने वाला था और डॉक्टर बनने का सपना लेकर लगातार तीसरी बार NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार के मुताबिक इस बार उसे अपनी सफलता पर पूरा भरोसा था, लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे अंदर से तोड़ दिया।

बंद कमरे में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, 14 मई को ऋतिक का शव गंगोत्रीनगर स्थित उसके घर के एक बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पिता बोले- इस बार पूरी उम्मीद थी

ऋतिक के पिता अनूप मिश्रा ने बताया कि उनका बेटा पिछले दो प्रयासों की कमियों को सुधारते हुए दिन-रात पढ़ाई में जुटा हुआ था। वह इस बार NEET परीक्षा को लेकर काफी आत्मविश्वास में था। लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया। परिवार का कहना है कि वह इस फैसले से बेहद परेशान था और लगातार भविष्य को लेकर चिंता में था।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने इस घटना पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि “ये बच्चे परीक्षा से नहीं हारे, इन्हें एक भ्रष्ट तंत्र ने मारा है। यह आत्महत्या नहीं, सिस्टम द्वारा हत्या है।” राहुल गांधी ने 2015 से 2026 तक हुए परीक्षा घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है।

प्रियंका गांधी ने जताया दुख

वहीं Priyanka Gandhi Vadra ने भी घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में फैल रहा भ्रष्टाचार युवाओं की जान ले रहा है और हर साल लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर परीक्षा घोटालों पर जवाबदेही कब तय होगी।

सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

इधर, छात्र की मौत के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

CBI कर रही है जांच

गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था। लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दिया था। फिलहाल मामले की जांच CBI कर रही है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *