JAC मैट्रिक–इंटर परीक्षा 2026: रांची में 3 फरवरी से 23 फरवरी तक, 1 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची द्वारा वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार सहित सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा, अनुशासन और कदाचार मुक्त आयोजन सुनिश्चित करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने बताया कि मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 03 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 23 फरवरी 2026 तक संचालित होंगी।
परीक्षा की समय-सारिणी के अनुसार, माध्यमिक परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित होगी, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक होगी। प्रश्न-पत्र वितरण के लिए 05 मिनट का अतिरिक्त समय तथा परीक्षार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
रांची जिले में माध्यमिक परीक्षा 2026 के लिए कुल 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 32,723 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ये परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय, अनुमंडल एवं संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में स्थित हैं।
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए कुल 52 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 32,243 परीक्षार्थी भाग लेंगे। ये केंद्र जिला मुख्यालय एवं बुंडू अनुमंडल के साथ-साथ खलारी और सिल्ली प्रखंडों में बनाए गए हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित अधिकारियों, स्कूल-कॉलेज प्रबंधन और परीक्षार्थियों से परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *