उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आए एक सनसनीखेज हत्या मामले में जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। आरोप है कि महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और फिर उस पर नया फर्श बनवा दिया। अब इस मामले में बाथरूम का फर्श तैयार करने वाले राजमिस्त्री का बयान भी सामने आया है, जिसने पुलिस जांच को नया मोड़ दे दिया है।
राजमिस्त्री ने बताया, रूबी खुद डाल रही थी मलबा
पुलिस को दिए गए बयान में राजमिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि वह पहले भी रूबी के घर के पास निर्माण कार्य कर चुका था। इसी वजह से रूबी ने उससे संपर्क कर बाथरूम का फर्श बनाने के लिए बुलाया। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि रूबी पहले से ही बाथरूम में मलबा डाल रही थी। रवि के मुताबिक, उसने महिला को सलाह दी थी कि इस काम के लिए एक मजदूर की मदद ले ले, लेकिन रूबी ने साफ कह दिया कि वह खुद यह काम कर लेगी।
रवि ने बताया कि रूबी ने उसे 500 रुपये देकर निर्माण सामग्री मंगवाई। उसके साथ आया मजदूर सीमेंट और मसाला तैयार करने लगा, जबकि उसने बाथरूम का फर्श बना दिया। राजमिस्त्री का कहना है कि उसे इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि जिस जगह वह फर्श तैयार कर रहा है, उसके नीचे किसी व्यक्ति का शव दबा हुआ हो सकता है।
18 मई से लापता थे सुरेंद्र कुमार शर्मा
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता थे। परिवार ने काफी तलाश के बाद 26 मई को पुलिस में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इस दौरान उनकी पत्नी रूबी लगातार यही कहती रही कि सुरेंद्र घर छोड़कर चले गए हैं और कुछ दिनों में वापस लौट आएंगे।
पत्नी के व्यवहार से बढ़ा पुलिस का शक
जांच के दौरान पुलिस को रूबी के बयान और उसके व्यवहार में कई विरोधाभास दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने घर के बाथरूम की जांच कराने का फैसला लिया। जब बाथरूम का फर्श हटवाया गया तो उसके नीचे से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मामला हत्या की दिशा में आगे बढ़ गया।
पूछताछ में सामने आया यह दावा
पुलिस पूछताछ में रूबी ने कथित तौर पर बताया कि उसने सुरेंद्र को खीर में करीब 15 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई थीं। आरोप है कि इसके बाद उनकी हत्या कर शव को बाथरूम में दबा दिया गया और सबूत छिपाने के लिए नया फर्श बनवा दिया गया।
हालांकि, रूबी का यह भी कहना है कि उसका पति शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस फिलहाल महिला के दावों की भी जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है।
पुलिस हर पहलू से कर रही है जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी परिस्थितियों, फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। राजमिस्त्री के बयान को भी केस का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी साजिश और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
