दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 28 वर्षीय आकृति सुतार की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
तीसरी मंजिल से गिरने के बाद अस्पताल में हुई मौत
पुलिस के अनुसार, शनिवार को लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी (NDMC) फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण आकृति सुतार गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार क्षेत्र की रहने वाली थीं और छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी इसी वर्ष 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का के साथ हुई थी। शादी को अभी करीब ढाई महीने ही हुए थे।
परिवार ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही आकृति को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि पति कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से भी परेशान करता था। परिवार का आरोप है कि यह सिर्फ एक हादसा या आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसे आत्महत्या का रूप देकर सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है।
भाई का दावा- आकृति आत्महत्या नहीं कर सकती थी
आकृति के छोटे भाई ने कहा कि उनकी बहन परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और मानसिक रूप से बेहद मजबूत थी। उनके अनुसार, वह किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जानी चाहिए।
परिजनों ने बताया कि यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी। आकृति की पहले अरस्तु सिक्का की बहन अगस्तिका सिक्का से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से आकृति और अरस्तु का विवाह हुआ था। ऐसे में अचानक हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों सहित अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
दिल्ली-एनसीआर में सामने आए पत्नी की हत्या के दो अन्य मामले
इसी बीच दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पत्नी की हत्या से जुड़े दो और मामले भी सामने आए हैं। दिल्ली के राणहोला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की बैटरी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर एल्यूमिनियम फॉस्फाइड की गोलियां खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहना चाहता था और इसी वजह से कथित रूप से शादी के तीन महीने बाद पत्नी की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद दोनों नेपाल चले गए थे और बाद में मानेसर लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच आगे जारी है।
