रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित पद्मावती धाम होमगार्ड कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई, जब घर के मालिक अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे और देर रात होने के कारण वापस नहीं लौटे।
जन्मदिन समारोह में गया परिवार, सुबह खुला चोरी का राज
मकान मालिक नीरज सिंह, जो गैस वेल्डिंग का काम करते हैं और बदनावर में मशीनरी वर्कशॉप संचालित करते हैं, शनिवार रात अपनी पत्नी पिंकी सिंह के साथ लोटस कॉलोनी में अपने साले नेल्सन के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम देर रात तक चलने के कारण दोनों वहीं रुक गए।
रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर में काम करने वाली नीलम जब मकान पहुंची तो उसने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ और दरवाजा खुला देखा। उसने तुरंत पड़ोस में रहने वाली साधना शर्मा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नीरज सिंह को फोन पर सूचना दी गई। जब दंपति घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक टूटा हुआ मिला और अलमारी के ताले भी तोड़े जा चुके थे। पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था।
लाखों के जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हुए बदमाश
चोर घर की अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी हुए सामान में तीन सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी सोने के टॉप्स, करीब आठ तोला सोना, चांदी के सिक्के, बच्चे के चांदी के कड़े, कमर का कंदौरा सहित लगभग 300 ग्राम चांदी, टाइटन कंपनी की घड़ी, बाइक की आरसी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र से जुड़े दस्तावेज और करीब 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए आभूषणों और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज में नजर आए तीन संदिग्ध, पुलिस ने बनाई विशेष टीम
प्रारंभिक जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
