रांची, झारखंड
रांची और आसपास के इलाकों में बिजली बिल विवाद और बिजली से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए 11 मई से विशेष शिकायत निवारण शिविर शुरू किया जाएगा। यह शिविर 30 मई तक चलेगा। इसकी जानकारी रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने दी है।
इस शिविर में बिजली उपभोक्ता अपने बिजली बिल से जुड़ी शिकायत, गलत बिल, मीटर की समस्या, बिजली कटौती या अन्य बिजली संबंधी परेशानी दर्ज करा सकेंगे। कैंप हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया जाएगा। वहीं कुछ मामलों में शिकायत दर्ज कर तय समय के अंदर समाधान किया जाएगा।
यह शिविर रांची के अलग-अलग डिविजन और इलाकों में लगाया जाएगा। 11 मई को न्यू कैपिटल डिविजन का शिविर पंचायत भवन सुकुरहुटू, कांके में लगेगा। इसी दिन कोकर डिविजन का कैंप कोकर सब स्टेशन और खूंटी डिविजन का कैंप खूंटी सब स्टेशन में होगा।
12 मई को रांची पश्चिमी डिविजन का कैंप आईटीआई सब स्टेशन, रातू रोड में और रांची पूर्वी डिविजन का शिविर बूटी मोड़ स्थित पिताम्बर पैलेश में लगाया जाएगा।
इसके बाद 13 मई से 30 मई तक अलग-अलग तारीखों में हरमू, हटिया, मोरहाबादी, इटकी, बुंडू, तोरपा, अशोक नगर, बरियातू, ब्रांबे, टाटीसिलवे, हिनू, बहुबाजार रोड, कांके, लालपुर, रातू चट्टी, ओरमांझी, तुपुदाना, चुटिया, चान्हो, तमाड़, धुर्वा, पुंदाग, सिल्ली और खूंटी समेत कई जगहों पर शिविर लगाए जाएंगे।
बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचे ताकि समय पर समाधान हो सके। विभाग का कहना है कि इस अभियान का मकसद लोगों की शिकायतों का जल्दी निपटारा करना और बिजली सेवाओं को बेहतर बनाना है।
