रांची में 45 कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम का बड़ा एक्शन! 24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं माने तो होंगे सील

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में संचालित कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और लॉज के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर में बिना जरूरी वैधानिक दस्तावेजों और निर्धारित मानकों के संचालन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में रांची नगर निगम ने 45 कोचिंग संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और आदेश का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को सील किया जाएगा।

45 कोचिंग संस्थानों को अंतिम नोटिस, 24 घंटे में देना होगा जवाब

रांची नगर निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, संबंधित कोचिंग संस्थानों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के अंदर अपना संचालन बंद करने और सभी आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निगम की इस कार्रवाई से शहर के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है। नगर निगम ने साफ किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को किसी भी हाल में राहत नहीं दी जाएगी।

इन दस्तावेजों के बिना नहीं चला सकेंगे कोचिंग और हॉस्टल

नगर निगम के अनुसार, झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए कई जरूरी अनुमतियां अनिवार्य हैं। इनमें ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग से एनओसी और स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। निगम का कहना है कि संस्थानों को इन सभी नियमों का पालन करना होगा। स्वीकृत भवन प्लान के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

लालपुर से थड़पखना तक कई संस्थान कार्रवाई के दायरे में

नगर निगम की ओर से जारी नई नोटिस सूची में शहर के कई प्रमुख इलाकों के कोचिंग संस्थानों के नाम शामिल हैं। इनमें लालपुर स्थित हरिओम टावर और ली डिजायर कॉम्प्लेक्स के कई संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा ईस्ट जेल रोड, सर्कुलर रोड और थड़पखना इलाके में संचालित कोचिंग संस्थानों को भी नोटिस जारी किया गया है।

नोटिस पाने वाले संस्थानों में फिटजी, विजन आईएएस, करियर पॉइंट, विनय आईएएस एकेडमी और न्यूटन ट्यूटोरियल्स के नाम भी शामिल हैं।

पहले भी 10 संस्थानों पर हो चुकी है कार्रवाई

रांची नगर निगम ने इससे पहले भी नियमों का पालन नहीं करने वाले 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया था। निगम के मुताबिक, संतोषजनक जवाब और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर इन संस्थानों का संचालन बंद करा दिया गया है। अब 45 अन्य कोचिंग संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किए जाने के बाद शहर में कार्रवाई का दायरा और बढ़ गया है।

भवन नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी संस्थान को स्वीकृत भवन प्लान के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि 24 घंटे के अल्टीमेटम के बाद कितने संस्थान जरूरी दस्तावेज जमा करते हैं और कितनों पर सीलिंग की कार्रवाई होती है।

Share:
Copied!