रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा बिटकॉइन, निवेशकों के चेहरे खिले 

नई दिल्ली : बुधवार को बिटकॉइन रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुँच गया। बुधवार की सुबह इसमें रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई। सुबह यह अपने उच्चतम लेबल पर गया और 12,000 डॉलर का आंकड़ा पार करते हुए 12,269 डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि इससे पहले 4 दिसंबर को इसमें गिरावट रही और यह 11,000 तक आ गया था। गौरतलब है कि बिटकॉइन में बीते कुछ हफ्तों से रिकॉर्ड तेजी का सिलसिला बना हुआ है।

इसी साल अगस्त से अभी तक यानी केवल 3 महीने में इसकी कीमत में 140 फीसदी का उछाल देखा गया है। अगस्त में बिटकॉइन की 1 यूनिट की कीमत 3,16,200 रुपए थी जो अब 7,51,500 के उपर जा पहुंची है। जबकि सालाना आधार पर देखें तो इस करेंसी ने एक साल में 9 गुना से ज्यादा का रिटर्न दिया है।

बिटकॉइन में निवेश से रिटर्न का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अगर 7 साल पहले आपने ने बिटकाइन में 1 लाख रुपए रुपए का निवेश किया होता तो उसे करीब 10,101 बिटकॉइन मिलते और आज इनकी कीमत 651 करोड़ रुपए से अधिक होती। दरअसल नवंबर 2010 में डॉलर का भाव करीब 45 रुपए के करीब था और उस समय एक बिटकॉइन की कीमत 22 सेंट यानि करीब 9.90 रुपए थी। अब बिटकॉइन की कीमत 10,000 डॉलर हो गई है और डॉलर का भाव 64.50 रुपए के करीब है, यानि भारतीय करेंसी में इस समय बिटकॉइन की कीमत 6.45 लाख रुपए है। आपको बता दें कि भारत सरकार और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने भारत में इसकी मान्यता नहीं दी है। लेकिन इसके बावजूद इसका कारोबार भारत में भी काफी फल-फूल रहा है।

आपको बता दें कि, बिटकॉइन एक वर्चुअल करेंसी है। इसका कोई दस्तावेज नहीं होता है, किसी भी वर्चुअल करेंसी को खरीदने के लिए उससे संबधित एप को डाउनलोड करना होता है। एप के जरिए आप इसका भुगतान करके इसे खरीद सकते हैं।

 

Share:
Copied!