शादी के मंडप में दुल्हे को आया गुस्सा, साली को जड़ दिया थप्‍पड़, दुल्‍हन बोली- नहीं रहना पगला के साथ

पटना :  बिहार के सारण जिला में विवाह के दौरान एक अजीब घटना घट गई। दुल्हे ने साली को थप्पर जड़ दिया जिसके बाद मामला इतना भरका कि बिना दुल्हन की विदाई कराए बरात वापस लौट गई।

शादी के दौरान महिलाओं की हंसी-ठिठोली और रस्म से आक्रोशित दूल्हे ने विवाह की रस्म अदा कर रही रिश्‍ते में साली लगने वाली एक युवती को थप्पड़ जड़ दिया। इससे आंगन में खड़ी महिलाएं अवाक रह गईं। इसके बाद लड़की पक्ष से आवाज उठ गई कि दूल्हा पागल है। इतना शोर मचा कि बिना दुल्हन की विदाई कराए बरात वापस लौट गई। घटना बीती रात सोनपुर के नया गांव में हुई।

जानकारी के अनुसार गाजे-बाजे के साथ वर पक्ष बरात लेकर वधू के दरवाजे पर पहुंचा। दरवाजा लगने के बाद द्वार पूजा तथा जयमाला के बाद रात्रि में दूल्हा को शादी के लिए आंगन में लाया गया। हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी संपन्न हुई। इसी बीच हंसी-ठिठोली कर रही महिलाएं दूल्हे का चुमावन करने लगीं। चुमावन के दौरान ही दूल्हा क्रोधित हो उठा और रस्म अदायगी कर रही एक युवती को थप्पड़ जड़ दिया।

इसके बाद स्थिति बदल गई। महिलाओं ने शोर मचा दिया कि दूल्हा पागल है। इस बात को लेकर वर और वधू पक्ष में कहासुनी हुई। दुल्‍हन ने पागल दूल्‍हे के साथ ससुराल जाने से इन्‍कार कर दिया। बिना दुल्हन के ही बरात लौट गई।

Share:
Copied!