‘5 साल से सट्टेबाज को जानता हूं’ अरबाज खान ने पूछताछ में माना

अरबाज खान से ठाणे क्राइम ब्रांच में सटोरिए के सामने बैठाकर पूछताछ हो रही है

सलमान खान के भाई अरबाज खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. आईपीएल में हुई सट्टेबाजी के आरोप में उन्हें मुंबई से सटे ठाणे क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए कल बुलाया था. जिसके लिए वो आज क्राइम ब्रांच के सामने उपस्थित हो चुके हैं.

 

मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक अरबाज खान ने मान लिया है कि वो सोनू जालान नाम के सटोरिये को जानते हैं और उन्होंने ये भी माना है कि सोनू जालान उन्हें परेशान कर रहा था जिसके एवज में उन्होंने उसे पैसे भी दिए थे.

 

आज सुबह वो क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा के सामने पूछताछ के लिए पेश हुए हैं. शर्मा और उनकी टीम अरबाज से पूछताछ कर रही है. इस पूछताछ में क्या सामने आएगा, इसकी डीटेल्स हम जल्दी ही आपके सामने लेकर आएंगे.

 

माना जा रहा है कि अगर मामला बढ़ा तो उन पर मकोका जैसे कड़े कानून में कार्रवाई हो सकती है.

 

क्राइम ब्रांच के हत्थे एक सटोरिया चढ़ा है जिसका नाम है सोनू जालान. इस सटोरिए ने पूछताछ में अरबाज खान का नाम लिया है. सोनू ने पुलिस को बताया है कि अरबाज खान इस सट्टेबाजी में 2.80 करोड़ रुपए हार गए थे.

 

बताया जा रहा है कि सोनू के पास एक डायरी भी मिली है जिसमें अरबाज खान का नाम दर्ज है. सोनू के पास से एक फोटोग्राफ भी मिला है जिसमें अरबाज और सोनू को साथ देखा जा सकता है.

 

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि कुछ और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के नाम भी इस सट्टेबाजी से जुड़ते नजर आ रहे हैं. ये लोग दूसरे नामों से सट्टेबाजी करते थे.

 

आपको याद होगा कि क्रिकेट में सट्टेबाजी का खेल पुराना है और दारा सिंह के बेटे विंदु दारा सिंह को भी मुंबई पुलिस ने सट्टेबाजी के आरोपों में गिरफ्तार किया था.

Share:
Copied!