रांची
रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने बिहार के नवादा निवासी कमलेश कुमार हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी शादीशुदा प्रेमिका अंगिता देवी, उसके पति शिवनाथ कुमार सिंह और उनके सहयोगी साहिल राजा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कमलेश कुमार का पिछले करीब डेढ़ साल से अंगिता देवी के साथ प्रेम संबंध था। इस बीच कमलेश ने बिना बताए दूसरी लड़की से शादी कर ली। जैसे ही अंगिता को इसकी जानकारी मिली, वह गुस्से में आ गई और बदला लेने की साजिश रच डाली।
आरोप है कि अंगिता देवी ने पहले अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह को यह कहकर भड़काया कि कमलेश उस पर बुरी नजर रखता है और गलत संबंध बनाना चाहता है। इसके बाद पति और उसके साथी साहिल राजा को साथ लेकर हत्या की पूरी योजना बनाई गई।
पुलिस के मुताबिक, अंगिता ने कमलेश को मिलने के बहाने रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित हाहे गांव बुलाया। वहां उसे नशा देकर बेसुध किया गया और फिर तीनों ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश भी की।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को स्कूटी और हाइवा ट्रक की मदद से टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के मानकीढीपा रिंग रोड के पास फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, शव पर ट्रक का पहिया भी चढ़ाया गया ताकि मामला सड़क दुर्घटना लगे।
3 मई को पुलिस को सड़क किनारे एक क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में जांच टीम बनाई गई। तकनीकी जांच और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हाइवा ट्रक, स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
