मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब NEET UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों के बीच काफी चिंता का माहौल था, लेकिन अब नई तारीख सामने आने के बाद तैयारी फिर से शुरू हो गई है।
NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी और किसी तरह की अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा में करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद मामले की जांच CBI को सौंप दी गई। जांच एजेंसियां अब पेपर लीक में शामिल लोगों के साथ-साथ NTA के अंदर संभावित मिलीभगत की भी जांच कर रही हैं। इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच लगातार जारी है।
इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें परीक्षा दोबारा कराने की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों का कहना है कि इस बार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित किया जाएगा ताकि छात्रों का भरोसा दोबारा कायम हो सके।
