9 और 14 दिसंबर को गुजरात में डाले जायेंगे वोट ,18 दिसंबर को मतगणना

गुजरात चुनाव

नई दिल्ली : गुजरात विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो चुकी है। चुनाव की तारीखों का ऐलान मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति ने बताया कि चुनाव दो चरणों में होंगे। गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से पहले चरण में 89 सीटों पर चुनाव होगा जिसके लिए मतदान 9 दिसंबर को होगा वहीं 93 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को होगा।

राज्य में मतों की गिनती 18 दिसंबर को होगी।  चुनाव में 50,128 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे जिन पर  कुल 4 करोड़ 33 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार राज्य में वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा और मतदाता को इससे निकली पर्चियों को दिखाया जाएगा।

इसके साथ ही ज्योति ने बताया कि हर विधानसभा सीट के एक पोलिंग बूथ के वीवीपैट पर्चियों की गिनती की जाएगी और चुनाव से जुड़े सभी क्रियाकलापों की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाएगी। इस चुनाव में आयोग ने सुविधा ऐप के उपयोग की भी तैयारी की है जिसके माध्यम में राजनीतिक दल रैलियों की अनुमति ले सकेंगे। इसके अलावा संवेदलशील बूथों पर वेब कास्टिंग के माध्यम से नजर रखी जाएगी।

बता दें गुजरात चुनाव की तारीखों की घोषणा हिमाचल प्रदेश के साथ नहीं हो पाई थी। इसके बाद चुनाव आयोग विपक्ष के निशाने पर आ गया था। हालांकि, मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति ने साफ किया और कहा  कि बाढ़ राहत कार्यों के चलते चुनाव तारीखों के ऐलान में देरी हुई है लेकिन हिमचाल प्रदेश और गुजरात दोनों ही राज्यों के चुनावी नतीजे एक साथ आएंगे। ।

Share:
Copied!