इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार शाम एक गर्ल्स हॉस्टल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। शहर के व्यस्त भंवरकुआं चौराहे के पास स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की इमारत में आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। घटना के समय हॉस्टल के अंदर करीब 50 छात्राएं मौजूद थीं। आग की जानकारी मिलते ही सभी को सुरक्षित बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी छात्राओं को इमारत से बाहर निकाल लिया गया और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया।
चौथी मंजिल की गैलरी में लगे विज्ञापन बोर्ड से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग हॉस्टल की चौथी मंजिल पर स्थित गैलरी में लगे एडवरटाइजिंग साइन बोर्ड से शुरू हुई। देखते ही देखते आग की लपटें पास में रखी वॉशिंग मशीन तक पहुंच गईं। आग ने आसपास रखे कपड़ों और अन्य घरेलू सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में वहां धुआं फैलने लगा, जिससे हॉस्टल परिसर में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
पिछले हिस्से के रास्ते से निकाली गईं 50 छात्राएं
आग लगने की सूचना मिलते ही हॉस्टल को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। उस वक्त इमारत के भीतर करीब 50 छात्राएं ठहरी हुई थीं। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी छात्राओं को हॉस्टल के पिछले हिस्से में बने रास्ते से बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि सभी छात्राएं सुरक्षित बाहर आ गईं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
दमकलकर्मियों ने 5 हजार लीटर पानी डालकर बुझाई आग
एसआई (फायर) एसएन दुबे के मुताबिक, आग सुनील शरद जैन के विशालाक्षी हॉस्टल की चौथी मंजिल पर लगी थी। साइन बोर्ड से शुरू हुई आग ने पास में रखी वॉशिंग मशीन और कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की लपटें देखकर लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दी, जिसके बाद हॉस्टल खाली करवाया गया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब 5 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हॉस्टल जैसी बहुमंजिला इमारत में आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर छात्रावासों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था को लेकर ध्यान आकर्षित किया है।
