श्रीगंगानगर: ट्रेन में बिना टिकट सफर करना और टिकट जांच के दौरान महिला टीटीई से ही बहस करने लगना दो अग्निवीरों को भारी पड़ गया। श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में टिकट जांच के दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे दो अग्निवीर बिना टिकट पकड़े गए। महिला टीटीई ने नियमानुसार टिकट बनाने और प्रति यात्री 500 रुपये जुर्माना जमा करने को कहा तो दोनों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बहस तक पहुंच गया। करीब 20 मिनट तक चले विवाद के बाद महिला टीटीई ने बीकानेर रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद सूरतगढ़ स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की मदद से दोनों को सुरक्षा कर्मियों के हवाले किया गया। बाद में सेना के अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए 650 रुपये की टिकट और पेनल्टी राशि जमा करवाई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
मेरठ से श्रीगंगानगर पहुंचे, सुबह बिना टिकट पकड़ ली बीकानेर की ट्रेन
यह पूरा मामला शुक्रवार सुबह करीब 7:50 बजे श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही दिल्ली-सराय रोहिल्ला-बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेन का है। टीटीई नाजू अरोड़ा के अनुसार, श्रीकरणपुर और केसरीसिंहपुर रेलवे स्टेशन के बीच सुबह करीब 8:25 से 8:45 बजे टिकट जांच की जा रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में बैठे दो युवकों से टिकट मांगा गया, लेकिन वे टिकट नहीं दिखा सके। पूछताछ में दोनों ने बताया कि जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने के कारण टिकट नहीं ले पाए। उन्होंने यह भी बताया कि वे रात करीब 12:05 बजे मेरठ से श्रीगंगानगर पहुंचे थे और सुबह बीकानेर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। इस पर महिला टीटीई ने सवाल उठाया कि जब वे रात में ही श्रीगंगानगर पहुंच गए थे तो सुबह तक टिकट खरीदने के लिए पर्याप्त समय था। इसके बावजूद उन्होंने बिना टिकट यात्रा क्यों की?
500 रुपये जुर्माने की बात पर भिड़े अग्निवीर, बोले- चालान बनाओ
टीटीई नाजू अरोड़ा के मुताबिक, दोनों यात्रियों को नियमानुसार टिकट बनाने और प्रति यात्री 500 रुपये जुर्माना जमा करने के लिए कहा गया। लेकिन दोनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर उन्होंने कहा कि चालान बना दो, लेकिन पेनल्टी नहीं देंगे। इस पर महिला टीटीई ने भी स्पष्ट कर दिया कि यदि वे जुर्माना जमा नहीं करते हैं तो नियमानुसार चालान बनाया जाएगा और इसकी जानकारी उनके अधिकारियों को भी दी जाएगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब 20 मिनट तक बहस होती रही।
घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे दोनों अग्निवीर
विवाद बढ़ता देख टीटीई के सहयोगी प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों अग्निवीर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। स्थिति को देखते हुए महिला टीटीई ने बीकानेर रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। उन्होंने अगले स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि विवाद को आगे बढ़ने से रोका जा सके और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सूरतगढ़ स्टेशन पर पहुंची RPF और GRP, सेना के अधिकारी भी पहुंचे
ट्रेन के सूरतगढ़ स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद दोनों अग्निवीरों को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया। बताया गया कि दोनों सूरतगढ़ आर्मी कैंट के सिग्नल विभाग में तैनात हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेना के एमसीओ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए बठिंडा से बीकानेर तक की यात्रा के लिए एक अग्निवीर की 650 रुपये की टिकट और पेनल्टी राशि जमा करवाई। इसके बाद विवाद समाप्त हुआ। इस घटनाक्रम के दौरान ट्रेन में टिकट जांच को लेकर शुरू हुआ विवाद रेलवे कंट्रोल रूम से लेकर आरपीएफ, जीआरपी और सेना के अधिकारियों तक पहुंच गया।
