नीतीश सेतु खुलते ही वैशाली में मचा बवाल! RJD समर्थकों की नारेबाजी और पोस्टर फाड़ने का वीडियो वायरल, BJP ने तेजस्वी पर बोला हमला

वैशाली: बिहार में ‘नीतीश सेतु’ के नाम को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद अब सड़क पर भी दिखाई देने लगा है। वैशाली में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही पुल को आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया गया। लेकिन पुल खुलते ही वहां हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोग पुल पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

नीतीश सेतु खुलते ही शुरू हुई नारेबाजी, फाड़े गए पोस्टर-बैनर

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद जैसे ही नीतीश सेतु को आम लोगों के लिए खोला गया, बड़ी संख्या में लोग पुल पर पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ और ‘लालू यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय जनता दल के झंडे भी लहराए गए। वीडियो में कुछ कार्यकर्ता भाजपा के झंडों को पैरों से कुचलते हुए भी नजर आ रहे हैं। इसके अलावा पुल पर लगाए गए पोस्टर और बैनर भी फाड़े गए। घटना के बाद बिहार की राजनीति में इसको लेकर नई बहस छिड़ गई है।

बिहार BJP ने वीडियो शेयर कर तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

घटना का वीडियो सामने आने के बाद बिहार भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर इसे साझा किया। भाजपा ने राजद और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, “नीतीश जी के नाम से तेजस्वी की नफरत देखिए, हुड़दंग के लिए गुंडे तक भेज दिए! शहजादे की सियासत अब भी विरोध और हंगामे के पुराने ढर्रे पर ही अटकी है।” भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक हताशा का नतीजा बताया है। इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

आखिर नीतीश सेतु के नाम पर क्यों हो रहा विवाद?

दरअसल, बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर पहले से ही राजनीतिक विवाद चल रहा है। तेजस्वी यादव की ओर से पुल के नामकरण को लेकर विरोध जताया जा रहा है। इसी राजनीतिक खींचतान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इस पुल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पुल को आम जनता के लिए खोल दिया गया। हालांकि, इसके तुरंत बाद हुए प्रदर्शन ने नामकरण को लेकर चल रहे विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।

विजय सिन्हा ने RJD पर लगाया गरीबों को लूटने का आरोप

इस पूरे घटनाक्रम पर बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा ने भी राष्ट्रीय जनता दल पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर राजद कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर और बैनर फाड़े जाने को लेकर उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने RJD की नींव रखी, वे गरीबों के मसीहा बनकर सामने आए थे, लेकिन बाद में उन्होंने गरीबों को ही लूटना शुरू कर दिया।” विजय सिन्हा ने आगे राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं ने जानवरों के चारे तक में घोटाला किया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों से आखिर क्या उम्मीद की जा सकती है?

नीतीश सेतु को लेकर बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद हुए इस हंगामे ने बिहार की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। एक तरफ भाजपा इसे राजनीतिक विरोध और हताशा से जोड़कर राजद पर हमला कर रही है, तो दूसरी तरफ पुल के नामकरण को लेकर पहले से जारी विवाद भी फिर सुर्खियों में आ गया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और भाजपा नेताओं के बयानों के बीच इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज है। आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर बिहार की राजनीति में और हलचल देखने को मिल सकती है।

Share:
Copied!