मुंबई: महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई से युवक-युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कुर्ला स्थित फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल पार्क में फोटो खींच रहे युवक और युवती को कथित तौर पर 8 से 10 नाबालिग लड़कों ने घेर लिया और उनके साथ बहसबाजी, बदसलूकी तथा मारपीट की। शुक्रवार शाम हुई इस घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घाटकोपर पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर आठ नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो खींच रहे युवक-युवती को नाबालिगों ने घेरा
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम कुर्ला में फीनिक्स मॉल के नजदीक स्थित एक म्युनिसिपल पार्क की है। यहां एक युवक और युवती फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद करीब आठ से दस नाबालिग लड़के उनके पास पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद नाबालिगों ने दोनों के साथ बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और युवक-युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई।
स्थानीय लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया पूरा घटनाक्रम
घटना के दौरान पार्क में मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने पूरी वारदात को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया और पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
घाटकोपर पुलिस ने 8 नाबालिगों के खिलाफ दर्ज की FIR
मुंबई पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवती की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने कानून के साथ संघर्षरत आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) लगाई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
5 नाबालिगों के माता-पिता को भी नोटिस
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिगों के माता-पिता को नोटिस जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आठ नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद किशोर न्याय से जुड़े नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कुर्ला के इस मामले ने सार्वजनिक स्थानों पर युवक-युवतियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बीच अब सभी की नजर पुलिस की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।
