पलामू में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो महीने में 34 वाहन जब्त और 35.95 लाख रुपये जुर्माना वसूला

पलामू: जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। सितंबर और अक्टूबर महीने के दौरान खनन विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन के मामलों में 34 वाहनों को जब्त किया और 35 लाख 95 हजार रुपये जुर्माने की वसूली की। इसके अलावा 10 प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। वहीं, परिवहन विभाग ने अलग से 31 वाहनों को जब्त कर 7 लाख 42 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। इन कार्रवाइयों की समीक्षा के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने खनन, परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

खनन टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की समीक्षा

अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पिछली बैठक के दौरान जारी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही खनन, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों की ओर से सितंबर-अक्टूबर के दौरान की गई कार्रवाई का ब्योरा भी लिया गया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि खनन विभाग ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महीने में 34 वाहनों को जब्त किया है। इस दौरान 35.95 लाख रुपये जुर्माने की वसूली की गई और संबंधित मामलों में 10 प्राथमिकी दर्ज की गईं। दूसरी ओर, जिला परिवहन विभाग ने 31 वाहन जब्त कर 7 लाख 42 हजार रुपये जुर्माना वसूला। हालांकि, वन विभाग की ओर से इस अवधि में कोई वाद दर्ज नहीं किया गया।

छतरपुर अंचल में सबसे ज्यादा 9 वाहन जब्त

बैठक में विभिन्न अंचलों में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सभी अंचलों में कुल 35 वाहन जब्त किए गए। इनमें छतरपुर अंचल सबसे आगे रहा, जहां सबसे अधिक 9 वाहनों को जब्त किया गया।

वहीं, विश्रामपुर, हैदरनगर, पांकी, तरहसी, मोहम्मदगंज, नौडीहा बाजार और उंटारी रोड अंचल में सितंबर और अक्टूबर के दौरान एक भी वाहन जब्त नहीं किया गया। इस स्थिति पर प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

डीसी ने दिए संयुक्त छापेमारी और नियमित जांच के निर्देश

बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि जिले में खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत ही संचालित होनी चाहिए। अवैध खनन या खनिजों के गैरकानूनी परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने खनन, परिवहन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही चेकपोस्टों पर नियमित जांच करने और खनन क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग बिना देरी किए कार्रवाई करें।

डीसी ने वन विभाग, पुलिस और अंचल प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

एसपी कपिल चौधरी ने थाना प्रभारियों को दी सख्त हिदायत

बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन से जुड़े मामलों में सक्रियता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में एक भी वाहन जब्त नहीं किया गया है, वहां संबंधित थाना प्रभारियों की कार्यशैली और सक्रियता पर सवाल उठते हैं।

वहीं, उपायुक्त ने खनन से संबंधित जुर्माने के नए प्रावधानों की जानकारी सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों तक पहुंचाने की बात कही। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संबंधित अधिकारी नए नियमों और दंडात्मक प्रावधानों से पूरी तरह अवगत रहें और उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर सकें।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। वहीं, जिले के सभी अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

जिला प्रशासन के इस सख्त रुख से साफ है कि पलामू में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ आने वाले दिनों में निगरानी और छापेमारी अभियान तेज किया जाएगा।

Share:
Copied!