बहराइच में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जरवल रोड पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश करने वाले तीन शातिर बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, बांका, चाकू, प्लास्टिक की बोरी और रस्सी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के प्रभारी निरीक्षक जरवल रोड के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश और नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम दातारामपुरवा मोड़ के पास सड़क किनारे तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन तीनों मौके से भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित रखा और चारों ओर से घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अशरफ पुत्र शरीफुल, शरीफुल पुत्र अहमद हसन और अकरम पुत्र शरीफुल निवासी ग्राम हरचन्दा, थाना जरवल रोड, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा 12 बोर, एक जिंदा कारतूस 12 बोर, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक बांका, एक चाकू, प्लास्टिक की बोरी और रस्सी बरामद की।
मुख्य आरोपी पर 27 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। मुख्य आरोपी शरीफुल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, रंगदारी और चोरी सहित 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं अशरफ के खिलाफ गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और विभिन्न आपराधिक धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी अकरम के खिलाफ थाना कैसरगंज में चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गोकशी समेत कई घटनाओं में सक्रिय थे आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी लंबे समय से गोकशी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है ताकि आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बिन्देश्वरी प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक रत्नेश सिंह, हेड कांस्टेबल महेंद्र यादव, कांस्टेबल रामदेव प्रजापति, कांस्टेबल व्यासमुनि वर्मा और कांस्टेबल राम सागर वर्मा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है।
