मैहर के यात्री निवास में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, जन्मदिन मनाने पहुंची थी जबलपुर से; 6 दोस्त हिरासत में

मैहर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जबलपुर से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची 22 वर्षीय युवती की देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास के एक कमरे में अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना सोमवार तड़के की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के साथ आए छह दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, एफएसएल टीम ने यात्री निवास के कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।

जन्मदिन मनाने जबलपुर से मैहर पहुंचे थे सात दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी कुल सात युवक-युवतियां युवती का जन्मदिन मनाने के लिए मैहर आए थे। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सभी कोतवाली थाना क्षेत्र के देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास पहुंचे। यहां रुकने के लिए उन्होंने तीन कमरे बुक कराए थे। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में चले गए।

सुबह करीब 4 बजे अचानक बिगड़ी युवती की तबीयत

यात्री निवास पहुंचने के करीब एक घंटे बाद तड़के 4 बजे युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति बिगड़ती देख उसके साथ मौजूद दोस्त घबरा गए और उसे तत्काल सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने युवती की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव जबलपुर ले जाने की जिद पर अड़े दोस्त

युवती की मौत की खबर सामने आते ही अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि साथ आए दोस्त बिना पोस्टमार्टम और पुलिस की कार्रवाई के शव को तत्काल जबलपुर ले जाना चाहते थे। हालांकि, युवती की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों ने पुलिस के पहुंचने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही मैहर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया। इसके बाद युवती के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

FSL टीम ने यात्री निवास के कमरे से जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने आस्था यात्री निवास पहुंचकर उस कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां युवती ठहरी हुई थी। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके अलावा पुलिस ने यात्री निवास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के लिए डीवीआर भी जब्त कर लिया है।

छह दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, युवती के साथ मैहर आए सभी छह दोस्तों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि यात्री निवास में पहुंचने के बाद आखिर क्या हुआ और युवती की तबीयत अचानक किन परिस्थितियों में बिगड़ी।

फिलहाल युवती की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:
Copied!