झारखंड के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. अब पासपोर्ट बनवाने के लिए बार-बार रांची या पासपोर्ट सेवा केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. रांची क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा शुरू की गई है, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलने वाली है.
इस नई सेवा के तहत पासपोर्ट ऑफिस की टीम खुद तय जगह पर पहुंचेगी और वहीं आवेदन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करेगी. यानी अब लोगों को लंबी लाइन और बार-बार ऑफिस जाने की परेशानी से राहत मिलेगी.
यह सुविधा खासतौर पर झारखंड के दूरदराज इलाकों के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जा रही है. कई जिलों और गांवों के लोगों को अब तक पासपोर्ट बनवाने के लिए रांची या जमशेदपुर तक आना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों का खर्च बढ़ जाता था.

50 लोगों का ग्रुप होने पर पहुंचेगी वैन
इस सेवा का फायदा स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तर, कंपनी, सामाजिक संस्था या किसी भी बड़े ग्रुप को मिलेगा. हालांकि इसके लिए कम से कम 50 लोगों का समूह होना जरूरी है, जिनका पासपोर्ट बनना हो. संख्या पूरी होने पर मोबाइल वैन सीधे उस जगह पहुंचेगी और पूरी प्रक्रिया वहीं पूरी करेगी.
रांची की क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी मनिता ने बताया कि इस सुविधा के लिए किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा. लोगों को सिर्फ सामान्य पासपोर्ट फीस ही देनी होगी. आवेदन पूरा होने के बाद पासपोर्ट सामान्य प्रक्रिया के तहत तैयार होगा और डाक के जरिए सीधे घर पहुंच जाएगा.

विदेश में नौकरी, पढ़ाई, इलाज और घूमने जाने वाले लोगों के लिए यह सेवा काफी मददगार साबित हो सकती है. पासपोर्ट विभाग का कहना है कि आने वाले समय में इस मोबाइल वैन सेवा को झारखंड के दूसरे जिलों में भी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है.
