मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आबकारी विभाग की बोलेरो वाहन की टक्कर से मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैगाकापा में हुई इस घटना के बाद यादव समाज का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। समाज के पदाधिकारियों ने परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वे हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे।
मासूम अंकित यादव को दी श्रद्धांजलि, परिवार को दिया न्याय का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत मासूम अंकित यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की गई।
यादव समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरा समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होने तक समाज अपनी आवाज उठाता रहेगा।
एसडीओपी से मिलकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओपी हरविंदर सिंह से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और हर पहलू से गहन जांच कराने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि यदि जांच में किसी की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
एसडीओपी हरविंदर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से जांच रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में समाज के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पांच राज यादव महासमिति के अध्यक्ष धनीराम यादव, उपाध्यक्ष संजय यादव, नवागढ़ राज यादव समाज के अध्यक्ष महेंद्र यादव, सर्व यादव समाज के पार्षद एवं प्रवक्ता सूरज यादव, अमर यादव, जल्ला यादव, दिलीप यादव, दादु यादव सहित समाज के अन्य सदस्य और परिजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
