गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधियों को संरक्षण देने और पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिक्सोरिया गांव में साइबर पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार साइबर अपराधी को छुड़ाने और पुलिस वाहन पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जीत बाहन उरांव ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के दौरान हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार 10 और 11 जून 2026 की मध्यरात्रि साइबर थाना की टीम साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को गिरफ्तार करने के लिए चिक्सोरिया गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और साइबर अपराध से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी को जबरन छुड़ा लिया गया।
पुलिस बल और सरकारी वाहन पर किया गया पथराव
घटना के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में सरकारी वाहन को भारी नुकसान पहुंचा और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान शुरू किया गया।
विशेष छापामारी दल के गठन के बाद मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जीत बाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिक्सोरिया गांव निवासी 51 वर्षीय जीतन मंडल, पिता स्वर्गीय चुलबुल मंडल तथा 20 वर्षीय सूरज मंडल, पिता गणेश मंडल के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ ने कहा- बाकी आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
बरवाडीह स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ जीत बाहन उरांव ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम रही शामिल
इस विशेष अभियान में गांडेय, साइबर थाना, मुफस्सिल, अहिल्यापुर, बेंगाबाद और ताराटांड़ थाना समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
