मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने की कोशिश में कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए, लेकिन इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस उनकी जिंदगी पर कहर बनकर टूट पड़ी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
अफवाह ने मचाई भगदड़, यात्रियों ने खींची चेन
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में अचानक आग लगने की बात फैल गई। आग की सूचना सुनते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और पूरे डिब्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घबराए यात्रियों ने तुरंत अलार्म चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया।
खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने लगे लोग
ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर जल्दबाजी दिखाई। कई लोग दरवाजों और खिड़कियों के रास्ते नीचे उतर गए। घबराहट के माहौल में यात्री सुरक्षित स्थान की तलाश में बगल वाले रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षणों में वहां से एक और ट्रेन गुजरने वाली है।
पातालकोट एक्सप्रेस बनी काल, 4 यात्रियों की गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही यात्री दूसरे ट्रैक पर पहुंचे, उसी समय फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से वहां पहुंच गई। अचानक सामने ट्रेन आने से यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेज गति से गुजरती ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मची चीख-पुकार, राहत-बचाव में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हेतामपुर स्टेशन के पास हुआ हादसा
यह हादसा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत आने वाले हेतामपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम करीब 4:15 बजे हुआ। रेलवे अधिकारियों ने चार मौतों की पुष्टि की है। साथ ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की अफवाह को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
रेलवे ने शुरू की जांच, अफवाह फैलाने वाले की तलाश
रेलवे प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि ट्रेन में आग लगने की अफवाह किसने और किन परिस्थितियों में फैलाई। अधिकारियों का मानना है कि एक झूठी सूचना ने पूरे हादसे को जन्म दिया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
