जमीन के दस्तावेज भी ले गए चोर: जमुआ के चोरगत्ता में 25 लाख की चोरी, भूमि विवाद के एंगल पर पुलिस की नजर

गिरिडीह : जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत चोरगत्ता गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। खास बात यह है कि नकदी और गहनों के साथ जमीन के मूल कागजात गायब होने से मामले को केवल सामान्य चोरी नहीं माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चोरगत्ता निवासी मदन चौधरी का परिवार गर्मी के कारण रात में घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान चोर घर के पीछे की ओर से छज्जे के रास्ते छत तक पहुंचे और घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे जेवरात, नकदी और जरूरी कागजात समेटकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में बहुओं और दो बेटियों के गहने भी शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये है। घटना के बाद घर से लगभग 200 मीटर दूर एक बक्सा और जेवर रखने का खाली डिब्बा बरामद हुआ, जिससे अंदेशा है कि चोर सामान की छंटनी करते हुए भागे होंगे।

मामले में नया मोड़ जमीन से जुड़े दस्तावेजों की चोरी ने ला दिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वर्ष 2007 से गांव के कुछ लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा है। ऐसे में जमीन के मूल कागजात का गायब होना संदेह को और गहरा कर रहा है। परिवार ने कुछ लोगों पर आशंका भी जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी और भूमि विवाद, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवार चोरी गए जेवरात, नकदी और जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया

Share:
Copied!