ड्यूटी के दौरान बस कंडक्टर की मौत: बस मालिक और चालक पर गंभीर आरोप, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की

छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ ट्रैवल्स की बस में ड्यूटी के दौरान एक कंडक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने बस चालक, बस मालिक और स्थानीय पुलिस पर लापरवाही तथा घटना की जानकारी समय पर न देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच के साथ उचित मुआवजे की मांग की है।

पांडातराई बस स्टॉप पर हुआ हादसा

मृतक के छोटे भाई उमेश राव के अनुसार, उनके बड़े भाई लक्ष्मी राव छत्तीसगढ़ ट्रैवल्स की बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत थे। घटना सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पांडातराई बस स्टॉप पर हुई। आरोप है कि लक्ष्मी राव बस से साइकिल उतार रहे थे, तभी चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। इससे वे साइकिल सहित नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद उन्हें पहले पांडातराई स्थित आशीर्वाद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चंद्रयान हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां पहुंचने पर परिजनों को उनकी मौत की जानकारी मिली।

परिजनों ने जानकारी छिपाने का लगाया आरोप

परिवार का आरोप है कि घटना के बाद बस चालक और बस मालिक ने उन्हें तुरंत सूचना नहीं दी। उमेश राव के मुताबिक, दोपहर करीब 1:20 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति से घटना की जानकारी मिली। जब उन्होंने बस मालिक से संपर्क किया तो बताया गया कि लक्ष्मी राव का इलाज चल रहा है और उनका MRI कराया जा रहा है।

हालांकि अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को पता चला कि लक्ष्मी राव की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि कुछ समय तक उन्हें यह कहकर गुमराह किया गया कि मरीज का उपचार जारी है।

पुलिस पर FIR दर्ज न करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना न तो बस मालिक ने दी और न ही स्थानीय पुलिस ने समय पर संपर्क किया। इसके बाद रात करीब 11:20 बजे परिवार पांडातराई थाना पहुंचा और FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

परिवार का कहना है कि थाना प्रभारी द्वारा तत्काल कोई लिखित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी की आशंका है।

उच्चस्तरीय जांच और मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की व्यवस्था की जाए।

फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है और परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं।

Share:
Copied!