चेन्नई, तमिलनाडु
तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में हुए शपथ ग्रहण समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ उनकी पार्टी के 9 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने मंच पर ही 3 बड़े फैसलों पर साइन किए। इनमें हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला शामिल है। इसके अलावा राज्य में बढ़ती नशे की समस्या से निपटने के लिए हर जिले में एक स्पेशल फोर्स बनाने का ऐलान किया गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई जाएगी।
तमिलनाडु की राजनीति में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि करीब 60 साल से राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके की सरकारें बनती रही हैं। अब पहली बार टीवीके ने सत्ता हासिल की है।
शनिवार को 234 सीटों वाली विधानसभा में विजय को 120 विधायकों का समर्थन मिला था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए बुलाया। विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।
टीवीके ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीती थीं। हालांकि विजय दो सीटों से चुनाव जीते हैं, इसलिए पार्टी की असली संख्या 107 मानी जा रही है। सरकार बनाने के लिए उन्हें कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML का समर्थन मिला है।

विजय की कैबिनेट में चेन्नई, पश्चिमी और दक्षिणी तमिलनाडु के नेताओं को जगह दी गई है। फिलहाल मंत्रिमंडल में एक महिला मंत्री और एक अनुसूचित जाति समुदाय का प्रतिनिधि शामिल है।
विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनका जन्म 22 जून 1974 को चेन्नई में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह तमिल फिल्मों के बड़े स्टार रहे हैं। उन्होंने फरवरी 2024 में अपनी पार्टी TVK बनाई थी और पहली बार चुनाव लड़कर बड़ी जीत हासिल की।
विजय ने अपनी पार्टी को धर्मनिरपेक्ष संगठन बताया है। उनकी पार्टी ने पेरियार, डॉ. भीमराव आंबेडकर, कामराज, वेलु नच्चियार और अंजलाई अम्माल जैसी हस्तियों को अपने राजनीतिक प्रतीकों में शामिल किया है।
तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री को एक बड़े राजनीतिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
