देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सिर्फ 20 यात्रियों ने किया सफर, 25 रुपये के किराए में मिली मेट्रो जैसी सुविधाएं, यात्रियों ने कहा- यह है भविष्य की रेल यात्रा

filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 2;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;HdrStatus: auto;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 36;

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने रविवार से हरियाणा के जींद-सोनीपत रेलखंड पर यात्रियों के लिए नियमित सेवा शुरू कर दी। संचालन के पहले ही दिन जींद जंक्शन से केवल 20 यात्रियों ने इस ट्रेन में सफर किया। हालांकि यात्रियों के बीच इस अत्याधुनिक ट्रेन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही लोगों ने इसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी ली। आधुनिक तकनीक से लैस इस ट्रेन का किराया सामान्य पैसेंजर ट्रेन के बराबर रखा गया है, जिससे यात्रियों को कम कीमत में बेहतर यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।

पहले दिन यात्रियों में दिखा खास उत्साह

रविवार सुबह यार्ड से निकलकर हाइड्रोजन ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, जहां यह करीब 25 मिनट तक खड़ी रही। निर्धारित समय सुबह 7:40 बजे ट्रेन जींद से सोनीपत के लिए रवाना हुई। ट्रेन को देखने के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुटी और कई यात्रियों ने इसे देश की आधुनिक रेलवे व्यवस्था की नई शुरुआत बताया।

ट्रेन में सफर कर रहे यात्री राजपाल ने बताया कि वह अपने पोते-पोतियों के साथ विशेष रूप से इस ट्रेन का अनुभव लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के दिन उन्हें यात्रा का मौका नहीं मिल सका था, इसलिए अब बच्चों को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सफर कराने का अवसर मिला है।

दूसरे जिलों से भी पहुंचे यात्री

कैथल जिले के गांव बात्ता निवासी विशाल ने बताया कि उन्हें पानीपत जाना था, लेकिन जींद स्टेशन पहुंचने पर जब उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन देखी तो इसी ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया। उनके अनुसार हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

अन्य यात्रियों काशी प्रसाद, सोनू और विपिन ने भी ट्रेन की सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि कम किराए में इतनी आधुनिक सुविधाएं मिलना यात्रियों के लिए बेहद सुखद अनुभव है।

मेट्रो जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है ट्रेन

हाइड्रोजन ट्रेन के अंदर यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक कोच में डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन लगी है, जिस पर अगले स्टेशन, आगमन का समय और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दिखाई जाती हैं। साउंड सिस्टम के माध्यम से भी यात्रियों को अगले स्टेशन और ट्रेन से जुड़ी सूचनाएं लगातार सुनाई जाती हैं।

इसके अलावा हर सीट के पास मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं। ट्रेन की खिड़कियों का डिजाइन भी मेट्रो ट्रेन की तर्ज पर तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलता है।

सप्ताह में छह दिन चलेगी हाइड्रोजन ट्रेन

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। ट्रेन संख्या 74010 सुबह 7:40 बजे जींद जंक्शन से रवाना होकर जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललितखेड़ा हाल्ट, भंभेवा, ईसापुरा खेड़ी हाल्ट, बुटाना, खंदराई हाल्ट, गोहाना, राभरा हाल्ट, लाठ, मोहाना हरियाणा और बड़वासनी स्टेशनों से होते हुए सुबह 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 74009 सुबह 10:40 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी।

सिर्फ 25 रुपये में मिलेगा आधुनिक यात्रा का अनुभव

रेलवे ने इस विशेष हाइड्रोजन ट्रेन का किराया सामान्य पैसेंजर ट्रेन के बराबर रखा है। जींद से सोनीपत तक का किराया मात्र 25 रुपये निर्धारित किया गया है। कम किराया और अत्याधुनिक सुविधाओं का यह संयोजन यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। रेलवे को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ेगी।

Share:
Copied!