झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए चर्चित रजरप्पा ज्वेलरी लूटकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में SIT ने मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी और दामाद को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर लूटे गए सोना-चांदी के गहने भी बरामद किए गए हैं। अब तक इस पूरे मामले में 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब दिनदहाड़े रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया था। बदमाश करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
घटना के तुरंत बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर SIT टीम बनाई गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही करीब 180 आभूषण, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, बाइक और एक चारपहिया वाहन भी बरामद किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस लगातार बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी बीच 10 मई को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभान अंसारी उर्फ ललका के घर पर कार्रवाई की। वहां से उसकी पत्नी नाजमा खातून और दामाद शहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके घर से करीब 49 ग्राम सोना और लगभग 1.35 किलो चांदी के गहने बरामद किए हैं।
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि इस हाई प्रोफाइल डकैती का मास्टरमाइंड कुख्यात इंटर स्टेट अपराधी विभाष पासवान अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर बाकी लूटे गए गहने भी बरामद कर लिए जाएंगे।
