रांची
झारखंड के रांची में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। झारखंड CID की साइबर क्राइम ब्रांच ने इस केस में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से बृजेश सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी WhatsApp ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जल्दी मुनाफा कमाने का लालच देता था। पीड़ित को FXPROGROUP-cc नाम के WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जहां फॉरेक्स ट्रेडिंग से भारी कमाई का दावा किया गया।
शुरुआत में फर्जी प्रॉफिट दिखाकर भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा करवाए। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक वह करीब 8.52 करोड़ रुपये गंवा चुका था।
जांच के दौरान CID ने डिजिटल ट्रांजैक्शन और तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेकबुक भी बरामद किए हैं।
CID ने लोगों को सलाह दी है कि WhatsApp, Telegram या सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी निवेश ऑफर पर बिना जांच भरोसा न करें और किसी अनजान अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने से बचें।
