Indore Elephant Attack: महावत को गुड़ देने के बाद अचानक बेकाबू हुआ हाथी, CCTV में कैद हुआ ऑटो चालक की मौत का दिल दहला देने वाला पूरा घटनाक्रम

मध्य प्रदेश के इंदौर में हाथी के हमले में ऑटो चालक की मौत के मामले में अब एक नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। करीब ढाई मिनट लंबे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथी पहले शांत दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह अचानक आक्रामक हो जाता है और ऑटो चालक पर हमला कर देता है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल चालक की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हाथी को गुड़ खिलाने के दौरान अचानक बदला व्यवहार

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:18 बजे राजनगर पुलिस चौकी के पास 49 वर्षीय विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर वहां से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी को गुड़ खिलाने के दौरान विजय ने गुड़ का पैकेट सीधे हाथी को देने के बजाय महावत की ओर बढ़ाया। इसी दौरान हाथी का व्यवहार अचानक बदल गया।

बताया जा रहा है कि हाथी ने पहले अपनी सूंड हिलाकर विजय को दूर रहने का संकेत दिया। हालांकि कुछ ही सेकंड बाद उसने विजय को सूंड से उठाकर जोरदार तरीके से जमीन पर पटक दिया और फिर अपने पैर से उन्हें कुचल दिया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में घटित हो गई।

नए CCTV वीडियो में सामने आया पूरा घटनाक्रम

घटना के बाद सामने आए नए सीसीटीवी फुटेज में हमले के दौरान की कई अहम बातें दिखाई देती हैं। वीडियो में आसपास मौजूद एक महिला लगातार चीखते हुए हाथी को हटाने की कोशिश करती नजर आती है, लेकिन हाथी काफी देर तक ऑटो चालक पर हमला करता रहता है।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह हाथी को वहां से हटाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इससे पहले इस घटना का केवल कुछ सेकंड का वीडियो सामने आया था, लेकिन नए फुटेज ने पूरे हादसे की तस्वीर स्पष्ट कर दी है।

इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान

गंभीर रूप से घायल विजय होलकर को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें वर्मा यूनियन अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद शाम करीब 7:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और अन्य परिजन हैं।

उज्जैन से कार्यक्रम में लाया गया था हाथी

पुलिस के अनुसार, हाथी को उज्जैन से जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को लेकर इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

महावत से पूछताछ, कई पहलुओं पर जांच जारी

चंदन नगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तिलक करोले के मुताबिक, महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही हाथी से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी के लिए इंदौर चिड़ियाघर के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती स्तर पर मृतक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं हाथियों के हमले के मामले

स्थानीय लोगों के अनुसार, इंदौर में हाथियों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सीतलामाता बाजार और पाटनीपुरा इलाके में हाथियों द्वारा लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों के बाद सार्वजनिक स्थानों पर हाथियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Share:
Copied!