UP Crime News: ‘दोनों बचकर नहीं जाओगे’… लव मैरिज से नाराज परिजनों ने रची साजिश? पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, चौंकाने वाला खुलासा

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक शिवकुमार की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या से कुछ समय पहले ही मृतक शिवकुमार और उसकी पत्नी आकांक्षा का उसके परिजनों से तीखा विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान ही धमकी दी गई थी कि दोनों बचकर नहीं जा पाएंगे। इसके कुछ देर बाद शिवकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस भर्ती परीक्षा से लौटते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, शामली जिले के गांव खेड़ी बैरागी निवासी 27 वर्षीय शिवकुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी पत्नी और ममेरे भाई के साथ कार से घर लौट रहा था।

इसी दौरान रास्ते में आकांक्षा के भाई मंजीत और अन्य आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने शिवकुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या से पहले हुआ था तीखा विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि परीक्षा केंद्र के आसपास ही आकांक्षा के भाई मंजीत ने अपनी बहन को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की थी। इस दौरान आकांक्षा और उसके पति शिवकुमार ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प होने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों और जांच के आधार पर पता चला है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने धमकी दी थी कि दोनों बचकर नहीं जा पाएंगे। इसके कुछ समय बाद ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

चार महीने पहले की थी लव मैरिज

शिवकुमार और आकांक्षा एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के घर आमने-सामने बताए जाते हैं। करीब चार महीने पहले दोनों ने परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से युवती के परिजन नाराज थे और तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

परिजनों के विरोध के चलते दंपति गांव छोड़कर शामली की अटल बिहार कॉलोनी में रह रहे थे।

मां और मामा गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस ने आकांक्षा की मां विमला और मामा कर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मंजीत, परमजीत, मौसम, आदित्य, विमला, कर्मवीर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में विमला ने बताया कि प्रेम विवाह के बाद गांव में लोगों के तानों और सामाजिक दबाव के कारण परिवार मानसिक रूप से परेशान था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि शिवकुमार की मौत सिर में गोली लगने से हुई। गोली सिर के भीतर ही फंसी मिली। पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है और पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल की जा रही है।

गांव में पसरा मातम, परिजनों में आक्रोश

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवकुमार का शव गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए।

हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां कांति देवी ने इस हत्याकांड को सुनियोजित साजिश बताते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आकांक्षा का एक अन्य भाई, जो सीआरपीएफ में कार्यरत है, पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड हो सकता है। हालांकि उसका नाम एफआईआर में शामिल नहीं है। परिजनों ने इस संबंध में अधिकारियों से मुलाकात कर जांच की मांग की है।

न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी

शिवकुमार के परिजनों और ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share:
Copied!