Jaipur Crime: पत्नी और 3 बेटियों की हत्या से दहला जयपुर, पिता को चाय पिलाकर फरार हुआ आरोपी; घर में मिलीं चार लाशें

Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गोविंद वाटिका में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चारों के सिर पर भारी पत्थर से वार किया। वारदात के बाद भी वह रातभर घर में रहा और अगले दिन सुबह अपने बुजुर्ग पिता को चाय पिलाने के बाद फरार हो गया। घर के अंदर एक साथ चार शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना करधनी थाना क्षेत्र की गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर A-169 की है। आरोपी की पहचान राहुल झा के रूप में हुई है। मृतकों में उसकी पत्नी गीता झा, उम्र 40 वर्ष, बड़ी बेटी नंदनी, उम्र 22 वर्ष, दूसरी बेटी राधिका, उम्र 17 वर्ष और सबसे छोटी बेटी गिरीश उर्फ गौरी, उम्र 14 वर्ष शामिल हैं।

सोते समय हमला करने की आशंका, पुलिस को मिला खून से सना पत्थर

DCP वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर भारी पत्थर से वार किया। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला खून से सना भारी पत्थर भी बरामद हुआ है।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात देर रात हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने परिवार के सदस्यों पर उस समय हमला किया, जब वे सो रहे थे। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि गीता झा का शव पहली मंजिल पर बने कमरे में था, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

सुबह दूध लिया, पिता के लिए चाय बनाई और फिर घर से निकल गया

इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू आरोपी का वारदात के बाद का व्यवहार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे राहुल ने रोज की तरह दूध वाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाई।

पिता को उस समय इस बात का अंदाजा नहीं था कि घर के अलग-अलग कमरों में उनकी बहू और पोतियों के शव पड़े हैं। चाय पिलाने के बाद राहुल तैयार हुआ और घर से निकल गया।

कुछ देर बाद जब लक्ष्मीनाथ झा टॉयलेट से बाहर आए और नीचे कमरों के आसपास खून बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सुबह करीब 10 बजे सूचना दी गई।

पत्नी चलाती थी ब्यूटी पार्लर, बेटियां पढ़ाई और नौकरी में थीं

पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गीता झा परिवार की आर्थिक मदद के लिए घर की पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी। तीनों बेटियां भी पढ़ाई कर रही थीं।

बड़ी बेटी नंदनी 22 वर्ष की थी और पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी भी करती थी। दूसरी बेटी राधिका 17 वर्ष की थी और 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी। सबसे छोटी बेटी गौरी 14 वर्ष की थी और 8वीं कक्षा की छात्रा थी।

एक परिवार में मां और तीन बेटियों की मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

शेयर ट्रेडिंग करता था राहुल, तीन दिन पहले गुजरात से लौटा था

पड़ोसियों के मुताबिक, राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और घटना से करीब तीन दिन पहले ही गुजरात से वापस जयपुर आया था। एक पड़ोसी महिला ने बताया कि राहुल ने कुछ दिन पहले उससे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे। महिला के मुताबिक, उसने राहुल को 25 हजार रुपये दिए थे।

इसी जानकारी के आधार पर आर्थिक परेशानी या शेयर बाजार में नुकसान को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। आर्थिक तंगी, शेयर ट्रेडिंग में नुकसान या किसी अन्य पारिवारिक कारण की भूमिका थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

जयपुर पुलिस कमिश्नर और FSL टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और एडिशनल DCP राजेश गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी राहुल झा की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटीं

वारदात के बाद से आरोपी राहुल झा फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के घर से निकलने के बाद उसके संभावित रास्ते और ठिकाने का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, वारदात की पूरी कड़ी और आरोपी के फरार होने के बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से जुड़ा यह मामला जयपुर में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

Share:
Copied!